रामरेखा धाम महोत्सव की तैयारी तेज, 266 दुकानों के लिए जगह चिह्नित, 11 पार्किंग स्थल तय

सिमडेगा: श्री रामरेखा धाम महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मेले की व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, यातायात और दुकान आवंटन सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और रामरेखा धाम समिति को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि 24 नवंबर को मुख्य मेला एवं पूर्णिमा का मेला लगेगा। मेला परिसर से कार्यक्रम स्थल तक कुल 266 दुकानों के लिए 10×20 फीट के स्थान चिह्नित किए गए हैं। दुकानों का आवंटन व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा। इच्छुक दुकानदारों से 19 नवंबर तक आवेदन लेने और 21 नवंबर तक दुकान आवंटित करने का निर्देश दिया गया है। मंदिर तक जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर पांच-पांच फीट जगह खाली रखनी होगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि पानी की आपूर्ति के लिए पंप और ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं। मोटरों की जांच भी पूरी हो गई है। अगले दो से तीन दिनों में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। उपायुक्त ने मुख्य पाइपलाइन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पानी की संभावित कमी को देखते हुए नगर परिषद को दो टैंकर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए कुल 11 स्थल चिह्नित किए गए हैं। सभी पार्किंग स्थलों पर मजिस्ट्रेट, पुलिसकर्मी और समिति के प्रतिनिधि तैनात रहेंगे। पार्किंग स्थलों पर मंदिर से दूरी दर्शाने वाले सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। वहीं, प्रशासनिक पदाधिकारियों और अतिथियों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने आवश्यक निर्देश दिए। मेले में जगह-जगह हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। मंदिर परिसर में महिलाओं की सहायता के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। सुरक्षा बलों के रहने, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं की व्यवस्था करने तथा पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने रामरेखा धाम समिति को 12 नवंबर तक गठित विभिन्न समितियों के सदस्यों और उनके दायित्वों की सूची जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। दुकानों के शुल्क निर्धारण के लिए प्रशासन और समिति की संयुक्त कमेटी गठित करने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां आपसी समन्वय से पूरी की जाएं।

बैठक में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, एसडीओ सुमन्त तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, रामरेखा धाम समिति के प्रधान संरक्षक दुर्गविजय सिंहदेव, सचिव ओम प्रकाश साहू, उपाध्यक्ष अमरनाथ बमालिया समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।

निशा भगत की मौत पर बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- ‘माफिया चला रहे झारखंड की सरकार’
गुमला पहुंचकर दिवंगत आदिवासी नेत्री को दी श्रद्धांजलि, पिठौरिया के दारोगा और अजय तिर्की की गिरफ्तारी के साथ सीबीआई जांच की मांग…

कोडरमा में पुलिस बोलेरो को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, सड़क पर पलटा वाहन; जवान गंभीर
संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रही चंदवारा पुलिस की टीम हादसे की शिकार, रेलवे ओवरब्रिज के पास हुआ भीषण हादसा Kodarma ।…

















