ramrekha-mahotsav-preparations-reviewed-magistrates-security

रामरेखा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा, 11 पार्किंग स्थलों पर तैनात होंगे मजिस्ट्रेट और सुरक्षाकर्मी

Share
Link copied
ramrekha-mahotsav-preparations-reviewed-magistrates-security
ramrekha-mahotsav-preparations-reviewed-magistrates-security

सिमडेगा: रामरेखा महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त कंचन सिंह ने रामरेखा धाम परिसर में बैठक की। रामरेखा धाम समिति के सदस्यों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता की व्यवस्था की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

महोत्सव के दौरान वाहनों के सुचारू परिचालन के लिए चिह्नित 11 पार्किंग स्थलों पर मजिस्ट्रेट, सुरक्षाकर्मी और समिति के स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। इसके लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति गठित करने की बात कही गई। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए चार स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाएंगे। साथ ही एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने रामरेखा जलापूर्ति योजना की मरम्मत कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल करने, निर्माणाधीन शौचालयों को जल्द पूरा करने और पुराने शौचालयों की मरम्मत के साथ अस्थायी शौचालय बनाने का निर्देश दिया। सभी पेयजल केंद्रों को प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने तथा उन्हें किसी होटल परिसर में नहीं रखने को कहा गया। पुलिसकर्मियों, विशेषकर महिला सुरक्षाकर्मियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में साधु-संतों के ठहरने, दाल-भात केंद्र और दीदी कैफे के संचालन पर चर्चा हुई। मेले में लगने वाली सभी दुकानों के छप्पर एक ही रंग के रखने और दुकानों का आकार निर्धारित करने पर सहमति बनी। दुकानदारों से एकरूप रंग के तिरपाल या छप्पर लगाने का अनुरोध करने तथा दुकानों को सड़क पर नहीं लगाने की जिम्मेदारी रामरेखा धाम समिति को सौंपी गई। विद्युत विभाग को समय पर बिजली कनेक्शन का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के बाद उपायुक्त ने रामरेखा धाम में चल रहे भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और उनकी गति बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने महोत्सव तक संग्रहालय भवन का निर्माण पूरा करने तथा टाइल्स और मार्बल उच्च गुणवत्ता के लगाने को कहा, ताकि निर्माण कार्य लंबे समय तक टिकाऊ रहे। विभिन्न सड़कों के निर्माण और नई सड़कों की स्वीकृति के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजे गए हैं। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी सुमन्त तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। रामरेखा धाम समिति के अध्यक्ष अखंडदास जी, सचिव ओम प्रकाश साहू, सह सचिव लक्ष्मी नारायण सिंह, उपाध्यक्ष अमरनाथ बामलिया, मीडिया प्रभारी विकास साहू सहित समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।

ABOUT THE AUTHOR
शंभू कुमार सिंह

शंभू कुमार सिंह

रिपोर्टर

शंभू कुमार सिंह सिमडेगा के रहने वाले हैं ये 1995 से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है दैनिक जागरण जिला प्रभारी, भास्कर दैनिक का जिला प्रभारी, सहित की भी चैनल के साथ में अन्य महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में लगातार सक्रिय रहे है । समाचार संकलन विशेष लेख फीचर व अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पकड़।