खूंटी में फादर बेनेडिक्ट बारला पर जानलेवा हमले और लूटकांड का खुलासा, तीन नाबालिग निरुद्ध
36 घंटे में पुलिस को मिली सफलता, 85,747 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल खुखरी बरामद; एक आरोपी अब भी फरार
खूंटी। आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर बेनेडिक्ट बारला पर हुए जानलेवा हमले और लूटकांड का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मामले में तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। 20 अक्टूबर की रात हुई इस घटना के बाद खूंटी में आक्रोश फैल गया था। विरोध में 21 अक्टूबर को लोगों ने चक्का जाम किया। वहीं, 23 अक्टूबर को मसीही समुदाय ने मौन जुलूस निकालकर आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की थी। बढ़ते जनाक्रोश और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित कर कार्रवाई तेज कर दी।
एसआईटी ने 36 घंटे में सुलझाई गुत्थी
खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 21 अक्टूबर की सुबह करीब पौने नौ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि आरसी स्कूल के प्रधानाचार्य फादर बेनेडिक्ट बारला पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया है। घायल प्रधानाचार्य को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए पल्स अस्पताल रेफर किया गया। मामले की जांच के लिए एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों लड़के पहले इसी स्कूल से जुड़े रहे हैं। नाबालिग होने के कारण उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
दुर्गापूजा मेले में खर्च के लिए की वारदात
एसपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्हें दुर्गापूजा मेले में खर्च करने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी वजह से उन्होंने स्कूल परिसर में चोरी की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी कब्रिस्तान के रास्ते स्कूल परिसर में दाखिल हुए थे। चोरी के दौरान अचानक प्रधानाचार्य के पहुंच जाने पर आरोपियों और उनके बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान फादर बेनेडिक्ट बारला पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नकदी, मोबाइल और खुखरी बरामद
पुलिस ने निरुद्ध किए गए नाबालिगों की निशानदेही पर लूटे गए सामान और घटना से जुड़े साक्ष्य बरामद करने का दावा किया है। बरामद वस्तुओं में शामिल हैं:
85,747 रुपये नकद
दो मोबाइल फोन
चोरी की रकम से खरीदा गया एक होम थिएटर
एक पेचकश
घटना के समय पहने गए कपड़े
वारदात में इस्तेमाल की गई खुखरी
पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उसकी तलाश में छापेमारी जारी है।इस कार्रवाई के बाद पुलिस को मामले की जांच में अहम सफलता मिली है। हालांकि, घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पर अब लोगों की नजर रहेगी।

लातेहार के जंगलों में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन, .303 राइफल और 72 कारतूस बरामद
पुलिस और SSB की संयुक्त कार्रवाई में आईईडी से जुड़े दो स्टील कंटेनर समेत हथियार और संदिग्ध सामान मिले लातेहार। झारखंड के…

खूंटी में फादर बेनेदिक्त बारला पर हमले के खिलाफ उमड़ा जनसैलाब, मौन जुलूस निकाल दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
खूंटी। आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्राचार्य फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में खूंटी में लोगों ने मौन…















