पीएम मोदी ने शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, कहा- जनजातीय समाज के कल्याण के लिए समर्पित रहा उनका जीवन
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जनजातीय समाज के प्रखर नेता शिबू सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दुख की इस घड़ी में पीएम मोदी ने उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर उन्हें ढाढस बंधाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि शिबू सोरेन जी का पूरा जीवन जनजातीय समाज के कल्याण और उत्थान के लिए समर्पित रहा। उनके योगदान को झारखंड और देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने शिबू सोरेन के सामाजिक और राजनीतिक कार्यों की सराहना करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
शिबू सोरेन, जिन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से भी जाना जाता है, ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व में राज्य के विकास और जनजातीय समुदायों के अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया। उनके निधन पर देशभर में शोक प्रकट किया जा रहा है।

















