tribute-rupi-soren-dr-pranab-babu

रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि : डॉ. प्रणव बब्बू ने संघर्ष को किया याद, जयशंकर जयपुरियार बोले— दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी

Share
Link copied

जयशंकर जयपुरियार ने कहा— लाखों झारखंडियों के दिलों में अमिट छाप छोड़ गईं रूपी सोरेन; रांची में रांची रिवोल्ट जनमंच और लक्ष्य डिफेंस एकेडमी की श्रद्धांजलि सभा में दी गई भावभीनी विदाई

रांची, 14 अक्टूबर। झारखंड आंदोलन की संघर्षगाथा में रूपी सोरेन का योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके निधन से झारखंड राज्य के गठन के संघर्ष से जुड़े एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हो गया है। उनका जीवट जीवन और संघर्ष के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। यह बातें अधिवक्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता और रांची रिवोल्ट जनमंच के संयोजक डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने कहीं। वह बुधवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित मोरहाबादी क्रीड़ा केंद्र के मैदान में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे। रांची रिवोल्ट जनमंच और लक्ष्य डिफेंस एकेडमी की ओर से आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लेकर उनके योगदान और स्मृतियों को याद किया।

tribute-rupi-soren-dr-pranab-babu

डॉ. प्रणव कुमार बब्बू ने कहा कि रूपी सोरेन ने अपने जीवन में हर भूमिका को पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निभाया। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी के रूप में वह जीवन के हर पड़ाव पर उनकी ताकत बनी रहीं। झारखंड आंदोलनकारियों के प्रति उनके सहयोग को भी हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों का जिस कुशलता से निर्वहन किया, वह उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और महिलाओं की क्षमता का उदाहरण है। उनका जीवन हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा।

जमीन से जुड़ी रहीं रूपी सोरेन, लाखों झारखंडियों के दिलों में बनाई जगह : जयशंकर जयपुरियार

श्रद्धांजलि सभा में बोकारो जिला चित्रगुप्त महापरिवार के संरक्षक जयशंकर जयपुरियार ने भी रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन हमेशा जमीन से जुड़ी रहीं। उन्होंने लाखों झारखंडियों के दिलों में अपनी अमिट छाप छोड़ी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका सरल स्वभाव और लोगों से जुड़ाव हमेशा स्मरणीय रहेगा। जयशंकर जयपुरियार ने कहा कि रूपी सोरेन की स्मृतियां झारखंड के लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी। उनके जीवन से जुड़ी संघर्ष और समर्पण की गाथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर और रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान लक्ष्य डिफेंस एकेडमी के प्रशिक्षक अनूप यादव और सुनील यादव सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभा में मौजूद लोगों ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। रांची रिवोल्ट जनमंच और लक्ष्य डिफेंस एकेडमी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों की भागीदारी रही। सभा में वक्ताओं ने रूपी सोरेन के जीवन, उनके संघर्ष और झारखंड के लोगों के साथ उनके जुड़ाव को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

ABOUT THE AUTHOR
Mukesh Sinhaa

Mukesh Sinhaa

प्रमुख संवाददाता

मुकेश कुमार पिछले 20 वर्षों से भी अधिक समय से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव...इलेक्ट्रॉनिक के साथ 5 वर्षो से ..नक्सल, क्राइम, राजनीति,पर पर मजबूत पकड़ रही है। खाली समय में धर्मिक ग्रंथ पढ़ना और क्रिकेट में विशेष रुचि है।