अस्मिता हॉकी सिटी लीग में सात टीमों ने लिया हिस्सा, चार मुकाबलों में दिखा खिलाड़ियों का दम

सिमडेगा: अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में बुधवार को अस्मिता हॉकी सिमडेगा सिटी लीग 2026-27 का आयोजन किया गया। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और हॉकी इंडिया के निर्देश पर हॉकी झारखंड के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले की सात जूनियर महिला हॉकी टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान चार मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा, सामरोन जी, ठेठईटांगर प्रखंड प्रमुख विपिन पंकज मिंज, हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कॉनबेगी, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की, सचिव एल्शन किड़ो और खेल विभाग के प्रतिनिधि मनीष हैमरोम सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में मिनी शक्ति नारी क्लब ने गोंडवाना क्लब, सिमडेगा को 5-0 गोल से हराया। दूसरे मैच में आरसी उत्क्रमित मध्य विद्यालय, करंगागुड़ी की टीम ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सिमडेगा को 4-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में स्वामी विवेकानंद क्लब ने लिटिल टाइगर क्लब को 1-0 गोल से हराया। वहीं, चौथे और अंतिम मुकाबले में मिनी शक्ति नारी क्लब ने पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बासेन को 5-0 गोल से शिकस्त दी।

मुख्य अतिथि विधायक भूषण बाड़ा ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से अस्मिता खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई महिला खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर नहीं मिल पाता। ऐसे में अस्मिता सिटी लीग उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी के रूप में प्रसिद्ध है। यहां महिला खिलाड़ियों के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कॉनबेगी ने कहा कि महिलाओं में आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से अस्मिता प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। हॉकी झारखंड के माध्यम से रांची, गुमला, खूंटी और सिमडेगा में अस्मिता हॉकी सिटी लीग का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता उन जूनियर महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जिन्हें नियमित रूप से मैच खेलने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने खिलाड़ियों से इस मंच का लाभ उठाने और अपने खेल को बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत करने की अपील की। साथ ही आयोजन में सहयोग के लिए खेल विभाग की सराहना की।

हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, सचिव एल्शन किड़ो ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए खेल विभाग, हॉकी झारखंड और हॉकी इंडिया का आभार जताया। उन्होंने खिलाड़ियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए सदर अस्पताल, सिमडेगा की मेडिकल टीम की भी सराहना की। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सुजीत एक्का, करिश्मा परवार, कुणाल भेंगरा, नेहा कुमारी, कुंती कुमारी, तलीन तिग्गा, संजय तिर्की, बसंत, समीर डुंगडुंग, रोहित बेसरा सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि : डॉ. प्रणव बब्बू ने संघर्ष को किया याद, जयशंकर जयपुरियार बोले— दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी
जयशंकर जयपुरियार ने कहा— लाखों झारखंडियों के दिलों में अमिट छाप छोड़ गईं रूपी सोरेन; रांची में रांची रिवोल्ट जनमंच और लक्ष्य…

दुर्गापूजा में सादे लिबास में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
हजारीबाग में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, असामाजिक तत्वों पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई; सितंबर में 625 कांडों का निष्पादन हजारीबाग। दुर्गापूजा और…
















