COE Simdega Dominates: Champions in Both Men's and Women's Categories

COE सिमडेगा का दबदबा, पुरुष और महिला दोनों वर्गों में चैंपियन

Share
Link copied
COE Simdega Dominates: Champions in Both Men's and Women's Categories
COE Simdega Dominates: Champions in Both Men’s and Women’s Categories

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला पुरुष एवं महिला हॉकी चैंपियनशिप 2026 का रविवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में भव्य समापन हुआ। 29 अगस्त से 13 सितंबर तक चली इस 16 दिवसीय प्रतियोगिता में 58 टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों वर्गों में कुल 128 मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने 492 गोल दागे।

प्रतियोगिता का आयोजन हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन तथा हॉकी सिमडेगा और खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था। अंतिम दिन पुरुष और महिला वर्ग के फाइनल के साथ तीसरे-चौथे स्थान के मुकाबले भी खेले गए।

पुरुष वर्ग के फाइनल में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) सिमडेगा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लिटिल टाइगर को 5-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ COE सिमडेगा ने लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। लिटिल टाइगर की टीम पिछले छह वर्षों से लगातार फाइनल में पहुंच रही है, लेकिन इस बार उसे उपविजेता से संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में आदिवासी हॉस्टल ‘A’ ने पुलिस केंद्र सिमडेगा को 4-2 से पराजित किया।

महिला वर्ग के फाइनल में COE सिमडेगा ‘A’ ने STC सिमडेगा को 5-3 से शिकस्त देकर लगातार तीसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया। STC सिमडेगा वर्ष 2010 से लगातार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। इस वर्ष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया। महिला वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में संत जेवियर उच्च विद्यालय, बरवाडीह ने लोंबोई को 2-1 से हराकर कांस्य स्थान हासिल किया।

RKDF
advertisement

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ विधायक भूषण बाड़ा, जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा, सिलबेस्ट्र बघवार और शकील अहमद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। वहीं महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले की शुरुआत एसडीएम सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की। समापन समारोह में एसडीएम सुमन तिर्की और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुशीला लकड़ा ने विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। व्यक्तिगत पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों को भी मोमेंटो प्रदान किया गया।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
– महिला : अनुप्रिया एक्का, STC सिमडेगा
– पुरुष : फ्लैबियस तिर्की, लिटिल टाइगर

इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
– महिला : रितिका डुंगडुंग
– पुरुष : धनेश्वर मांझी

बेस्ट गोलकीपर
– महिला : रश्मि समद
– पुरुष : अरुण सोय

बेस्ट डिफेंडर
– महिला : सीता कुमारी
– पुरुष : विनय कुजूर

बेस्ट मिडफील्डर
– महिला : सबीना टोपनो
– पुरुष : सुमित बरवा

बेस्ट फॉरवर्ड
– महिला : राजमनी कुमारी
– पुरुष : सुमन सोरेंग

इमर्जिंग टीम ऑफ द चैंपियनशिप
– महिला : लोंबोई
– पुरुष : KVS ‘A’

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सभी टीमों को ट्रॉफी दी गई। तकनीकी टीम, मेडिकल टीम, पुलिस टीम और मीडिया टीम के सदस्यों को भी मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधे भेंट किए गए। प्रतियोगिता में खेल रही अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सिमडेगा हॉकी की नर्सरी है। हॉकी संघ, जनप्रतिनिधि और प्रशासन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हॉकी के विकास के लिए उनकी ओर से हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।

एसडीएम सुमन तिर्की ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं में खेलने के लिए बेहतर अवसर मिल रहे हैं, जिसका लाभ उन्हें उठाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से लगातार अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को और निखारने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिमडेगा के खिलाड़ियों में काफी प्रतिभा है और उन्हें उम्मीद है कि यहां के खिलाड़ी आगे चलकर देश के लिए खेलेंगे।

Kashmir
advertisement

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हॉकी सिमडेगा समेत जिला प्रशासन, खेल विभाग, पुलिस और मेडिकल टीम के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि 58 टीमों की भागीदारी और 128 मुकाबलों के आयोजन के लिहाज से यह प्रतियोगिता बेहद खास रही। उन्होंने इसे संभवतः देश की बड़ी जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं में से एक बताते हुए कहा कि इस वर्ष टीमों की भागीदारी, खिलाड़ियों का प्रदर्शन और मैचों का स्तर काफी बेहतर रहा। उन्होंने कहा कि पिछले 21 वर्षों से वे इस प्रतियोगिता को देखते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष का आयोजन और प्रतियोगिता का स्तर ऐतिहासिक रहा। यह आयोजन सिमडेगा में हॉकी के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सुनील तिर्की, पैंक्रेसियूस टोप्पो, बसंत बा, एल्शन किडो, कमलेश्वर मांझी, विनोद कुल्लू, रोहित बेसरा, संजय तिर्की, समीर डुंगडुंग, करिश्मा परवार, नेहा कुमारी, कुंती कुमारी, कुनुल भेंगरा, तलीन तिग्गा, दिव्य डुंगडुंग सहित हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। इसके अलावा सिमडेगा की मेडिकल टीम, पुलिस टीम और खेल विभाग ने भी प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों, निर्णायकों, सहयोगी संस्थाओं और दर्शकों के प्रति आभार जताया।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।