राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सर गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को किया नमन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सर गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को किया नमन

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिबू सोरेन का लंबी बीमारी के बाद 81 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने शिबू सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि शिबू सोरेन जी ने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनके कार्यों को विशेष रूप से आदिवासी समुदायों और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।

शिबू सोरेन, जिन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता है, किडनी संबंधी समस्याओं और ब्रेन स्ट्रोक के कारण जून 2025 से सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत पिछले कुछ समय से गंभीर बनी हुई थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

शिबू सोरेन के पार्थिव शरीर को आज शाम रांची ले जाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनके अंतिम दर्शन की व्यवस्था की जा रही है। झारखंड सरकार ने उनके निधन पर 4 से 6 अगस्त तक तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की है।

शिबू सोरेन के निधन से झारखंड सहित पूरे देश में शोक की लहर है। उनके योगदान को याद करते हुए कई राजनीतिक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow