सीता सोरेन का भावुक पोस्ट: शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, कहा- ‘बाबा के बिना ये घर वैसा नहीं रहेगा’
रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन से पूरा झारखंड शोक में डूबा हुआ है। इस दुखद मौके पर उनकी बड़ी बहू और बीजेपी नेता सीता सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने ससुर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शिबू सोरेन को न केवल अपने परिवार का मार्गदर्शक बल्कि झारखंड का एक महान सपूत बताया।
सीता सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा कि बाबा के चरणों में श्रद्धांजलि। बाबा सिर्फ हमारे घर के मुखिया नहीं थे, वे हमारे जीवन के प्रकाश थे। हमारे अपने, हमारे मार्गदर्शक, और हमारे सबसे बड़े सहारे। आज जब वो हमारे बीच नहीं हैं, तो ऐसा लग रहा है जैसे एक पूरा युग समाप्त हो गया हो। उनके बिना ये घर वैसा नहीं रहेगा, उनकी हँसी, उनका स्नेह, उनकी डांट तक, सब कुछ अब यादों में रह गया है।
उन्होंने आगे लिखा, “झारखंड ने एक महान सपूत खोया है, लेकिन हमने अपना गुरू, अपना पिता, अपना जीवनदाता खोया है। बाबा, आपने जो मूल्य हमें सिखाए, जो परंपराएं आपने शुरू कीं, और जो सम्मान आपने कमाया, हम उसे संजोकर रखेंगे। आपकी विरासत को आगे ले जाना अब हमारा धर्म है। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे, बाबा।”
सीता सोरेन ने अपने इस पोस्ट में शिबू सोरेन को ‘दिशोम गुरु’ के रूप में याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उनकी विरासत को जीवित रखना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी शिबू सोरेन को याद करते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


















