एचईसी मजदूर आंदोलन का ऐतिहासिक समापन: खिजरी विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में प्रबंधन ने मानी सभी मांगें
रांची : हैवी इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। 50 दिनों से चले आ रहे सप्लाई कर्मियों के आंदोलन का खिजरी विधायक राजेश कच्छप के नेतृत्व में ऐतिहासिक समझौते के साथ समापन हुआ। इस समझौते ने न केवल मजदूरों की मांगों को पूरा किया, बल्कि प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच विश्वास का नया अध्याय शुरू किया।
आज एचईसी मुख्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में विधायक राजेश कच्छप की अगुवाई में प्रबंधन और मजदूर नेताओं के बीच गहन चर्चा हुई। बैठक में एचईसी के निदेशक (कार्मिक) मनोज लकड़ा, निदेशक (उत्पादन) बीएस गर्ग, वरीय उप महाप्रबंधक सह प्रभारी एचएमबीपी एवं एफएफपी अरविंद सिंहा, वरीय उप महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासनिक) लॉरेंस भेंगरा, मुख्य नगर प्रशासक विमल कुमार, वरीय प्रबंधक राघवेंद्र प्रियदर्शी, औद्योगिक संपर्क विभाग के नरेंद्र कुमार, विधायक प्रतिनिधि परमेश्वर सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रभारी अरुण कुमार, समाजसेवी पंकज कुमार, और मजदूर नेता रनत्थू लोहारा, आजाद, मोइन, अताउल्लाह, वाई त्रिपाठी, प्रमोद कुमार सिंह, विजय साहू, शारदा देवी, और राजेश शर्मा उपस्थित थे।
बैठक में मजदूरों की सभी मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें वेतन भुगतान, ईएसआई सुविधा, स्थायी कर्मचारियों की पदोन्नति, और पुरानी व्यवस्था की बहाली जैसे मुद्दे शामिल थे। विधायक राजेश कच्छप के दृढ़ नेतृत्व और दबाव के चलते प्रबंधन ने सभी मांगों को स्वीकार कर लिया। इस ऐतिहासिक समझौते के बाद निदेशक (कार्मिक) मनोज लकड़ा ने विधायक राजेश कच्छप के साथ एचईसी मुख्यालय गेट पर पहुंचकर हड़ताली मजदूरों से मुलाकात की। उन्होंने अपनी संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए सभी मजदूरों से 21 अगस्त 2025 से काम पर लौटने की अपील की। मजदूरों ने प्रबंधन और विधायक के इस कदम का हार्दिक स्वागत किया और उनके आह्वान को स्वीकार किया।
इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि यह समझौता मजदूरों की एकता और प्रबंधन की संवेदनशीलता का प्रतीक है। हमारा लक्ष्य न केवल मजदूरों के हक की रक्षा करना था, बल्कि एचईसी को और मजबूत बनाना भी था। मैं सभी कर्मचारियों और प्रबंधन को इस सकारात्मक कदम के लिए बधाई देता हूं।


















