रांची में सीपीआई का 24वां जिला सम्मेलन संपन्न, अजय सिंह पुनः जिला सचिव चुने गए
रांची : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) का 24वां जिला सम्मेलन आज रांची स्थित सीपीआई राज्य कार्यालय के रमजान कुरैशी सभागार में कॉमरेड लालदेव सिंह और कॉमरेड फरजाना फारुकी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सम्मेलन की शुरुआत शहीद बेदी पर पुष्प अर्पण और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों वास्ता सोरेन, ओमीलाल आजाद, रमजान कुरैशी, जीतू महतो, केवला उरांव और उस्मान रवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
जिला सचिव अजय कुमार सिंह ने सम्मेलन में राजनीतिक और सांगठनिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर उपस्थित प्रतिनिधियों ने गहन चर्चा की। प्रतिनिधियों ने पार्टी संगठन के विस्तार और जन आंदोलनों को तेज करने पर जोर दिया। एटक के सुनील शाह ने चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि पार्टी को सड़क से सदन तक निरंतर संघर्ष के माध्यम से आगे बढ़ाने और संगठन में अनुशासन स्थापित करने की आवश्यकता है।
जिला सचिव अजय सिंह ने चर्चा के दौरान सभी सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पार्टी को केवल संघर्ष के रास्ते पर चलकर ही मजबूत किया जा सकता है। सम्मेलन में 25 सदस्यीय जिला परिषद का गठन किया गया, जिसने सर्वसम्मति से कॉमरेड अजय सिंह को पुनः जिला सचिव चुना। साथ ही, संतोष कुमार रजक और फरजाना फारुकी को सहायक सचिव तथा इशाक अंसारी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
सम्मेलन में आगामी 24, 25 और 26 अगस्त को रांची में आयोजित होने वाले राज्य सम्मेलन के लिए प्रतिनिधियों का चयन भी किया गया। इस अवसर पर इशाक अंसारी, सचिदानंद मिश्रा, मनोज ठाकुर, श्यामल चक्रवर्ती, नीरज सिंह, किरण कुमारी, अमीरउल्ला अंसारी, रामकिशोर उरांव, सुरेंद्र दीक्षित, कृष्ण वर्मा, विजय वर्मा, लालदेव सिंह, सुनील शाह और संतोष रजक सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।

















