श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा ने लगाया निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा, टी टांगर द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर के बच्चों के लिए एक निःशुल्क दंत चिकित्सा सह दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों के दांतों की जांच की गई, साथ ही उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां प्रदान की गईं।
शिविर के दौरान बच्चों को दांतों की नियमित सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया गया और उन्हें ब्रश, जीभ साफ करने वाला उपकरण और टूथपेस्ट वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त, बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए पेंसिल, रबड़ और पेंसिल कटर भी प्रदान किए गए।
शिविर में मुख्य रूप से डॉ. अविनाश यादव ने बच्चों के दंत चिकित्सा में अपनी सेवाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्यों ने बताया कि इस तरह के शिविर जिले में निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा को बढ़ावा दिया जा सके।


















