सिमडेगा: सर्वेश्वरी समूह शाखा द्वारा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दंत चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा सिमडेगा के तत्वावधान में सोमवार को प्रखंड बोलबा के वनदुर्गा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दंत चिकित्सा सह जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अघोरेश्वर महाप्रभु एवं गुरुपद बाबा के चित्र पर पुष्पांजलि, पूजन एवं आरती के साथ हुआ।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य एवं मंत्री सुनील सहाय ने बताया कि सर्वेश्वरी समूह समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, छात्रों के लिए पठन-पाठन सामग्री वितरण, कंबल वितरण तथा आश्रम में मिर्गी रोगियों के लिए दवा वितरण जैसे जनसेवा कार्य नि:स्वार्थ भाव से करता रहा है। यह संस्था समाज के कमजोर वर्गों की सेवा में समर्पित है।
शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. अविनाश एवं उनकी टीम ने छात्र-छात्राओं के दांतों की जांच की, उचित परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को दवाइयां प्रदान की। दंत स्वच्छता जागरूकता के लिए सभी बच्चों को ब्रश, मंजन एवं जीभ साफ करने वाला वितरित किया गया। साथ ही पढ़ाई में प्रोत्साहन के लिए पेंसिल, रबर एवं कटर भी दिए गए।
शिविर की सफलता में स्थानीय निवासियों जहुरण सिंह, केशरी सिंह, जगन्नाथ सिंह तथा सर्वेश्वरी समूह के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


















