रांची जिले में प्री SA-1 परीक्षा का सफल आयोजन, 86% उपस्थिति के साथ 1.67 लाख बच्चों ने लिया हिस्सा
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के मार्गदर्शन में रांची जिले के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए पूर्व योगात्मक मूल्यांकन (प्री SA-1) का आयोजन उत्साहपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। जिले के 2128 विद्यालयों में आयोजित इस परीक्षा में लगभग 86 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जिसमें 1,67,851 बच्चों ने हिस्सा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची जिला प्रशासन की नवाचारी पहल के तहत प्रोजेक्ट TEAM (Testing Evaluation Assessment and Mentoring) के तहत गठित जिला स्तरीय विशेषज्ञों की टीम ने प्रारूप आधारित प्रश्नपत्रों के साथ परीक्षा का आयोजन किया। आज हिन्दी और विज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित की गई, जबकि कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के छात्रों के लिए उर्दू भाषा की परीक्षा भी संपन्न हुई।
जिले के सभी सरकारी, अल्पसंख्यक, और समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित उत्क्रमित डीपीईपी प्राथमिक विद्यालयों में एकसमान व्यवस्था के साथ इस अभ्यासिक परीक्षा का आयोजन किया गया। विद्यालयों में शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों के बीच उत्सव जैसा माहौल देखा गया।
जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) बादल राज ने कई विद्यालयों का दौरा कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और बच्चों की उत्साही भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “बच्चों का उत्साह और शिक्षकों की मेहनत इस परीक्षा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण रही है। यह पहल बच्चों के शैक्षिक स्तर को और बेहतर करने में सहायक होगी।”
आगामी 30 अगस्त और 1 सितंबर 2025 को भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएँ आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक प्रखंड स्तर पर गठित परीक्षा कोषांग और अधिकृत अधिकारियों/शिक्षकों द्वारा निरंतर निरीक्षण और अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा रहा है।

















