डुमरी विधायक जयराम महतो की तबीयत बिगड़ी, डॉक्टरों ने दी पांच दिन आराम की सलाह
डुमरी विधायक जयराम महतो की तबीयत बिगड़ी, डॉक्टरों ने दी पांच दिन आराम की सलाह
डुमरी, 06 सितंबर :डुमरी विधायक जयराम महतो की अचानक तबीयत खराब होने के कारण उन्हें डॉक्टरों ने पांच दिनों के पूर्ण आराम की सलाह दी है। लगातार कार्यक्रमों और व्यस्तता के चलते उनकी सेहत पर असर पड़ा, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।
जयराम महतो ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “कल शाम अचानक तबीयत खराब होने के कारण मैं अस्वस्थ हूं। डॉक्टर ने मुझे 5 दिन आराम करने की सलाह दी है। आपके प्यार और आशीर्वाद से फिलहाल मैं ठीक हूं, लेकिन अगले चार-पांच दिन किसी भी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले पाऊंगा। सभी कार्यक्रम रद्द रहेंगे। किसी भी समस्या के लिए कृपया पार्टी के जिलाध्यक्ष या प्रत्याशी से संपर्क करें। असुविधा के लिए खेद है। संघर्ष जारी है।”
इस घोषणा के बाद उनकी सभी जनसभाएं, सार्वजनिक मुलाकातें और अन्य कार्यक्रम अगले आदेश तक स्थगित कर दिए गए हैं। स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी आपात स्थिति में पार्टी के जिलाध्यक्ष या स्थानीय प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा सकता है।
जयराम महतो के समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है और उम्मीद जताई है कि वे जल्द ही पूरी तरह ठीक होकर अपने कार्यों में वापस लौटेंगे।


















