झामुमो महासचिव विनोद पांडेय का तीखा हमला: भाजपा को झूठ फैलाकर भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि झूठे और निराधार आरोप लगाकर भाजपा ने भ्रष्टाचार पर बोलने का नैतिक अधिकार खो दिया है। भाजपा प्रवक्ता द्वारा सुरक्षा उपकरणों की खरीद को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर लगाए गए आरोपों को पांडेय ने राजनीतिक साजिश करार दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विनोद पांडेय ने स्पष्ट किया कि हेमंत सोरेन सरकार पारदर्शिता और सुशासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा उपकरणों की खरीद से जुड़े मामले में सरकार ने शुरू से ही निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया है। शिकायत मिलने के बाद सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की। यह समिति नियमों के तहत निष्पक्ष जांच कर रही है, और इसकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।
विनोद पांडेय ने भाजपा से सवाल किया कि जब केंद्र में उनकी सरकार है, तो उन्होंने जांच में राज्य सरकार को सहयोग क्यों नहीं प्रदान किया? उन्होंने भाजपा के बयानों को सुर्खियां बटोरने और ईमानदार सरकार को बदनाम करने की कोशिश बताया।
उन्होंने कहा, “झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे सख्त रुख हेमंत सोरेन सरकार ने अपनाया है। हर शिकायत का संज्ञान लिया जाता है, लेकिन जांच को मीडिया ट्रायल का हिस्सा नहीं बनाया जा सकता।” पांडेय ने भाजपा को सलाह दी कि वह झूठे बयानबाजी के बजाय तथ्यों का सम्मान करे और संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा रखे।
विनोद पांडेय ने जोर देकर कहा, “हेमंत सोरेन सरकार न तो भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है और न ही किसी व्हिस्ल ब्लोअर को असुरक्षित कर रही है। भाजपा के बेबुनियाद आरोप केवल जनता को गुमराह करने की कोशिश हैं।”
















