रांची/हटिया से नई रेल सेवाओं की मांग: सांसद दीपक प्रकाश ने रेल प्रबंधक को लिखा पत्र
रांची : राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने झारखंड की राजधानी रांची और हटिया रेलवे स्टेशन से देश के प्रमुख शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग की है। उन्होंने दक्षिण-पूर्व रेलवे, रांची मंडल के रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर इस मांग को उठाया, ताकि शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, पर्यटन और व्यापार के लिए यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सांसद ने कहा कि रांची और आसपास के जिलों के लोग विभिन्न कारणों से देश के अन्य हिस्सों में यात्रा करते हैं, लेकिन सीधी रेल सेवाओं के अभाव में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने अहमदाबाद, इंदौर, अमृतसर, अयोध्या (लखनऊ मार्ग), सिकंदराबाद/हैदराबाद, अल्लेप्पी और वास्को-दा-गामा के लिए सीधी ट्रेन सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया।
दीपक प्रकाश ने बताया कि इन रेल मार्गों के शुरू होने से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि तीर्थयात्रा, शिक्षा, व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये सेवाएं आर्थिक विकास और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

सांसद ने रेलवे प्रशासन से आग्रह किया है कि इन प्रस्तावों को आगामी परिचालन योजनाओं में शामिल कर जल्द से जल्द लागू किया जाए। इस पहल से झारखंड के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ-साथ विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।

















