पलामू में मंदेया ओवर ब्रिज लूटकांड का खुलासा, पांच अपराधी गिरफ्तार

पलामू : दिनांक 30 सितंबर 2025 की रात करीब 11:00 बजे मंदेया ओवर ब्रिज के पास आनंद कुमार से पिस्टल के बल पर मोबाइल लूट की घटना का पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर लिया है। पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पांचों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और कई महीनों से राहगीरों व मोटरसाइकिल सवारों से हथियार के बल पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। इनमें से प्रमुख अभियुक्त डब्लू प्रसाद साव उर्फ डब्लू कुमार साव का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। वह वर्ष 2024 में छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में राजेश ज्वेलर्स से पांच करोड़ की सोना लूट की घटना में भी शामिल था।

गिरफ्तार अभियुक्तों में डब्लू प्रसाद साव उर्फ डब्लू कुमार साव जो कई आपराधिक मामलों में नामजद है, यह छत्तीसगढ़ का बहुचर्चित सोना लूटकांड में शामिल था। सुशील कुमार यादव उर्फ छोटू यादव कई लूट और आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। रितेश कुमार पासवान, छोटू कुमार उर्फ बाबा और ओमप्रकाश कुमार शामिल हैं।

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से तीन बाइक, 16 मोबाइल फोन, एक बैटरी, एक गैस सिलेंडर, एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद किए हैं।

पलामू पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से लूटे गए सामान को बरामद किया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना को दें। अपराध नियंत्रण में समाज की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।


















