Ransiya robbery case solved; five members of an inter-district gang arrested.

रैंसिया लूटकांड का खुलासा, अंतरजिला गिरोह के पांच अपराधी गिरफ्तार

Share
Link copied
Ransiya robbery case solved; five members of an inter-district gang arrested.
Ransiya robbery case solved; five members of an inter-district gang arrested.

शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा: कोलेबिरा थाना क्षेत्र के रैंसिया हाट के समीप एक लाह एवं महुआ व्यापारी से हथियार के बल पर हुई लूटकांड का सिमडेगा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अंतरजिला लूट गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से अवैध हथियार, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

जानकारी के अनुसार 11 जून को रैंसिया हाट के पास अज्ञात अपराधियों ने एक लाह एवं महुआ व्यापारी को हथियार का भय दिखाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में कोलेबिरा थाना में कांड संख्या 30/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धर्मदेव पासवान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी गिरोह ने 11 जून को गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के बाजारटांड़ में धान एवं मड़ुआ व्यवसायियों से भी हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले में गिरोह का एक सदस्य पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

इसके बाद सिमडेगा और गुमला पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रैंसिया लूटकांड के अलावा गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में 7 जून को धान-मड़ुआ व्यवसायी से हुई लूट तथा 13 जून को पूसो थाना क्षेत्र के लरंगो में हुई लूट की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें सुमन सिंह, कमल सिंह, किशन महतो, नीमा बराइक और रमेश साहू शामिल हैं। सभी आरोपी गुमला जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, दो देशी पिस्तौल, नौ जीवित कारतूस, लूट की राशि में से करीब 24 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य फरार और संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। रैंसिया लूटकांड का खुलासा और पांच अपराधियों की गिरफ्तारी को अंतरजिला लूट गिरोह के खिलाफ सिमडेगा पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।