Rajya Sabha Elections: NDA MLAs show unity at Radisson Blu; mock poll training conducted.

राज्यसभा चुनाव: रेडिशन ब्लू में एनडीए विधायकों की एकजुटता, मॉक पोल प्रशिक्षण आयोजित

Rajya Sabha Elections: NDA MLAs show unity at Radisson Blu; mock poll training conducted.
Rajya Sabha Elections: NDA MLAs show unity at Radisson Blu; mock poll training conducted.

रांची: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से ठीक पहले रांची के रेडिशन ब्लू होटल में ठहरे एनडीए विधायकों को मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई और मॉक पोल के माध्यम से प्रशिक्षण कराया गया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे।

बैठक में विधायकों को राज्यसभा चुनाव में मतदान की प्रक्रिया समझाई गई ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। विशेष रूप से नए विधायकों को वोटिंग के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल सभी विधायक एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत को लेकर उत्साहित और आश्वस्त नजर आए।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर होटल राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस पहले यह बताए कि बीएनआर होटल में किसके विधायक ठहरे हुए हैं और वहां क्या गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दावा किया था कि उसके विधायक सीधे अपने-अपने घरों से मतदान के लिए आएंगे, लेकिन अब पूरा विपक्षी कुनबा होटल में जुटा हुआ है।

आदित्य साहू ने दावा किया कि एनडीए के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और परिमल नाथवानी के समर्थन में मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत “सौ फीसदी तय” है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर मतदान करेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा झारखंड प्रभारी के. राजू और सह प्रभारी सीरी वेल्ला प्रसाद को पोलिंग एजेंट बनाए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि क्या झारखंड कांग्रेस के स्थानीय नेता पोलिंग एजेंट बनने की योग्यता और विश्वसनीयता नहीं रखते, जो बाहर के नेताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, जदयू विधायक सरयू राय, भाजपा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, राज सिन्हा, अमित यादव, आलोक चौरसिया, देवेंद्र कुंवर, प्रकाश राम, रोशन लाल चौधरी, प्रदीप प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, पूर्णिमा साहू, रागिनी सिंह, मंजू कुमारी, कुमार उज्जवल, लोजपा विधायक जनार्दन पासवान तथा आजसू विधायक निर्मल महतो समेत एनडीए के कई विधायक उपस्थित रहे।

राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए की इस बैठक को शक्ति प्रदर्शन और रणनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें 18 जून को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।