डायन के शक में महिला की हत्या, जंगल में मिला शव; दो आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पंडावीर गांव में डायन होने के संदेह में 58 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शंकरी सुरीन के रूप में हुई है। आरोप है कि मंगलवार देर रात कुछ लोग उसे जबरन घर से बाहर ले गए और बाद में पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बुधवार को पुलिस ने महिला का शव गांव से करीब सात किलोमीटर दूर पासुबेड़ा क्षेत्र के सौदाबुरु जंगल से बरामद किया। मामले में पुलिस ने बुधराम गोप और पलटन सुरीन को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात शंकरी सुरीन अपने पति सानगी सुरीन के साथ घर में थी। इसी दौरान चार-पांच लोग उसके घर पहुंचे और शंकरी को जबरन अपने साथ ले जाने लगे। पति ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सभी लोग शंकरी को लेकर वहां से चले गए। देर रात तक महिला के वापस नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की।

बुधवार सुबह गांव के मुंडा ने घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना प्रभारी चंद्रशेखर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने महिला की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान सौदाबुरु जंगल में शंकरी सुरीन का शव बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, महिला की कनपटी पर पत्थर से चोट के निशान मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे महिला को डायन मानने का संदेह सामने आया है। इसी आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि महिला को घर से जंगल तक किन परिस्थितियों में ले जाया गया और हत्या में कुल कितने लोग शामिल थे।
















