माण्डर में नकली अंग्रेजी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

रांची: रांची पुलिस ने माण्डर थाना क्षेत्र के मलटोटी गांव में अवैध अंग्रेजी शराब बनाने और बेचने के कारोबार का खुलासा करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में तैयार शराब, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, खाली बोतलें, ढक्कन, ब्रांड के स्टीकर और पैकेजिंग मशीन सहित कई सामान जब्त किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने करीब एक महीने से अवैध शराब का निर्माण कर बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के विभिन्न जिलों में मांग के अनुसार सप्लाई करने की बात बताई है।

रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को मलटोटी गांव में अवैध अंग्रेजी शराब निर्माण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-द्वितीय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने निर्माणाधीन मकान की घेराबंदी कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ छापेमारी की। मकान के हॉल में पांच लोग शराब बनाने के काम में लगे मिले। उनसे शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार लोगों की पहचान प्रत्युष शाहदेव (27), निवासी सुखदेवनगर, रांची, कुंदन कुमार (28) और राकेश कुमार (28), दोनों निवासी औरंगाबाद, संजय सिंह (32), निवासी चिरकुंडा, धनबाद तथा विष्णु कुमार (22), निवासी मुंगेर, बिहार के रूप में हुई है।

छापेमारी में OLD BLENDED OLD MONK ब्रांड की 750 एमएल की 2040 बोतलें और ROYAL MANSION GOLD WHISKY की 750 एमएल की 840 भरी बोतलें बरामद की गईं। इसके अलावा सिंटेक्स टंकी में करीब 200 लीटर तैयार शराब, 180 एमएल की रॉयल चैलेंज की 14 बोतलें और एक सफेद जार में करीब 25 लीटर शराब मिली। पुलिस ने 750 एमएल की करीब 2000 खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के लगभग 1000 ढक्कन, शराब के लेबल और ब्रांडेड स्टीकर, करीब 65 किलोग्राम कास्टिक कैरेमल पदार्थ तथा बोतल सील करने की मशीन भी जब्त की है।
कार्रवाई के दौरान चार टुलू पंप, होंडा कंपनी का जनरेटर, एक पिकअप टेंपो, बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, महिंद्रा एसयूवी कार, इन्वर्टर-बैटरी और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में माण्डर थाना कांड संख्या 115/2026, दिनांक 5 नवंबर 2026 के तहत बीएनएस, उत्पाद अधिनियम, कॉपीराइट एक्ट और ट्रेडमार्क एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

गिरिडीह के मधुबन में मारांग बुरू धोरोमगाड़ महासम्मेलन में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कहा- मरांग बुरू का संरक्षण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी
गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ स्थित मधुबन थाना मैदान में आयोजित ‘मारांग बुरू धोरोमगाड़ महासम्मेलन’ में शामिल…

मंडल कारा में पीडीजे ने चखकर परखा बंदियों का भोजन, जेल अस्पताल में बीमार बंदियों का जाना हाल
सिमडेगा: मंडल कारा में बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए…

















