झारखंड में घने कुहासे का कहर: कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
रांची : भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने झारखंड के उत्तरी और मध्य हिस्सों में घने कुहासे को लेकर चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों में कई जिलों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम हो सकती है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ऑरेंज अलर्ट वाले जिले
मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग और लातेहार जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बहुत घना कुहासा छा सकता है, जहां दृश्यता बेहद कम रहने की संभावना है। इससे वाहन चलाना जोखिमभरा हो सकता है।
येलो अलर्ट वाले जिले
रांची, रामगढ़, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में येलो अलर्ट है। यहां मध्यम से घना कुहासा रहेगा, लेकिन स्थिति ऑरेंज अलर्ट वाले इलाकों जितनी गंभीर नहीं होगी। इसके अलावा, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कुहासे का असर अपेक्षाकृत कम रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति मुख्य रूप से उत्तर-पश्चिमी हवाओं और निचले क्षोभमंडल में नमी के कारण बनी है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।

















