रांची सहित पूरे झारखंड में कड़ाके की ठंड जारी, कोहरे और शीतलहर से फिलहाल राहत नहीं
रांची : झारखंड में सर्दी का कहर बरकरार है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, क्रिसमस से नए साल तक ठंड और बढ़ने की संभावना है, फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं।
IMD रांची के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के प्रभाव से राज्य में कनकनी बढ़ गई है। लोहरदगा में सबसे कम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रांची में 7.8 डिग्री और डाल्टनगंज में 6.9 डिग्री तक पारा गिरा है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाने से दृश्यता बेहद कम हो रही है, जिसका असर सड़क यातायात और उड़ानों पर पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने घने कोहरे को लेकर 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गुमला, लोहरदगा, रांची, खूंटी, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग जिला शामिल हैं। इसके अलावा, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा में शीतलहर के लिए भी येलो अलर्ट है। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है, जहां बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 दिसंबर तक घना कोहरा और शीतलहर जारी रहने की संभावना। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। सुबह के समय दृश्यता 50-200 मीटर तक कम रह सकती है।
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी हवाओं के प्रभाव से कोहरा बढ़ रहा है, जो 23 दिसंबर तक बना रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह-शाम घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें, विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग ठंड से बचाव करें। वाहन चालकों को कोहरे में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

















