रांची में राष्ट्रपति के काफिले की सुरक्षा को लेकर वायरल अफवाहें निराधार : रांची पुलिस का स्पष्टीकरण
रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे के दौरान रांची में उनकी सुरक्षा में कथित चूक की खबरें कुछ न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन खबरों में दावा किया जा रहा है कि राष्ट्रपति के कारकेड में एक स्कूटी सवार घुस गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, रांची पुलिस ने इस पूरे मामले को आधारहीन करार देते हुए विस्तृत स्पष्टीकरण जारी किया है।
रांची पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वायरल वीडियो में दिख रही स्थिति पूरी तरह भ्रम पैदा करने वाली है। वीडियो फुटेज का विश्लेषण करने पर स्पष्ट होता है कि जब स्कूटी सवार सड़क पर दिखाई दिया, उस समय राष्ट्रपति महोदया, महामहिम राज्यपाल और माननीय मुख्यमंत्री का मुख्य कारकेड काफी दूर आगे निकल चुका था।
पुलिस के अनुसार, एयरपोर्ट पर ड्यूटी पूरी करने के बाद प्रतिनियुक्त अधिकारी और कर्मी अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे-पीछे एक स्कूटी सवार भी सड़क पर दिखा, जिसे ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने एहतियात के तौर पर रोका। जांच में पता चला कि स्कूटी सवार विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) का पुलिसकर्मी था, जो आसूचना संकलन के लिए एयरपोर्ट पर तैनात था। वह भी अन्य अधिकारियों की तरह ड्यूटी खत्म कर अपने गंतव्य जा रहा था।
रांची पुलिस ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रही गाड़ियां मुख्य कारकेड का हिस्सा नहीं थीं। यह पूरी घटना मुख्य काफिले के गुजरने के काफी बाद की है। कुछ लोगों ने इस स्थिति को देखकर गलतफहमी में सुरक्षा चूक का दावा कर दिया, जबकि वास्तव में ऐसा कुछ नहीं हुआ।
पुलिस ने आगे कहा, “रांची पुलिस के सभी कर्मी अपनी ड्यूटी के प्रति पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध हैं। राष्ट्रपति के दौरे दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कोई चूक नहीं हुई।”


















