20251229 084040

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज जमशेदपुर में दो कार्यक्रमों में शामिल होंगी

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे के दूसरे दिन दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। यह उनका राष्ट्रपति पद संभालने के बाद जमशेदपुर का पहला दौरा है, जो सांस्कृतिक और शैक्षणिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राष्ट्रपति सुबह करीब 10:20 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान पहुंचेंगी। यहां संथाली भाषा की ‘ओल चिकी’ लिपि के शताब्दी समारोह (सेंचुरी सेलिब्रेशन) के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगी। यह लिपि 1925 में पंडित रघुनाथ मुर्मू द्वारा विकसित की गई थी, जो संथाली संस्कृति और आदिवासी पहचान का प्रतीक है। राष्ट्रपति यहां पारंपरिक आदिवासी परिधान में पूजा-अर्चना करेंगी, पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी और संथाली भाषा में संबोधन देंगी। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए करीब 800 डेलीगेट्स और 100 विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

दूसरा कार्यक्रम आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह का है। राष्ट्रपति यहां मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को डिग्री और स्वर्ण पदक वितरित करेंगी तथा समारोह को संबोधित करेंगी। इस समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है और ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किए गए हैं। दोनों कार्यक्रमों के बाद राष्ट्रपति शाम को रांची वापस लौटेंगी।

Share via
Send this to a friend