20251229 110123

चतरा में पुरानी रंजिश में गोलीबारी: दो पूर्व नक्सलियों की हुई मौत, दो घायल

चतरा : झारखंड के चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत मरगड़ा पंचायत के सुदूरवर्ती एवं नक्सल प्रभावित गेंदरा गांव में रविवार देर रात पुरानी रंजिश और भूमि विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में दो पूर्व नक्सलियों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण घरों में दुबके हुए हैं।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार मध्यरात्रि के करीब आधा दर्जन हथियारबंद लोग राजद नेता श्याम भोक्ता उर्फ डीसी के घर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों का नेतृत्व पूर्व टीएसपीसी नक्सली दिवेंद्र गंझू कर रहा था, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 36 से अधिक मामले दर्ज हैं। हमले में श्याम भोक्ता को गर्दन में और उनके साले गोपाल गंझू को सिर में गोली लगी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद घर के सदस्यों और ग्रामीणों ने हमलावरों पर पलटवार किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच जोरदार झड़प हुई। जवाबी फायरिंग में दिवेंद्र गंझू और उनका साथी चुरामन गंझू मौके पर ही मारे गए। घायल श्याम भोक्ता पूर्व में टीएसपीसी के सक्रिय सदस्य रह चुके हैं।

घायलों को पहले प्रतापपुर और डाल्टनगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी 35वीं बटालियन के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। पुलिस अधिकारी फिलहाल वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं और कोई बयान देने से बच रहे हैं।

घायल गोपाल गंझू की पत्नी ने गांव के कुछ लोगों पर पुराने भूमि विवाद और रंजिश के चलते हमला कराने का आरोप लगाया है। परिजनों ने भी पूरे मामले को पुरानी दुश्मनी से जोड़ा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है।

Share via
Share via