मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने KBC सीजन 17 के करोड़पति बिप्लब बिस्वास को दी बधाई
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में “कौन बनेगा करोड़पति” (KBC) सीजन 17 के करोड़पति बिप्लब बिस्वास से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा, ” बिप्लब बिस्वास की यह सफलता न केवल झारखंड के लिए गौरव की बात है, बल्कि राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत भी है। उन्होंने मेहनत, लगन और ज्ञान के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो सिद्ध करता है कि दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि झारखंड सरकार को बेहद गर्व है कि राज्य के एक होनहार युवा ने राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर अपनी प्रतिभा का ऐसा उज्ज्वल प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के होस्ट अमिताभ बच्चन तथा दर्शकों ने भी बिप्लब बिस्वास की तर्कशक्ति, ज्ञान और आत्मविश्वास की खूब सराहना की।
उल्लेखनीय है कि सीआरपीएफ इंस्पेक्टर बिप्लब बिस्वास (रांची निवासी) ने 30 और 31 दिसंबर 2025 को प्रसारित एपिसोड्स में 1 करोड़ रुपये के प्रश्न का सटीक उत्तर देकर यह उपलब्धि हासिल की। वे KBC सीजन 17 के दूसरे करोड़पति बने। उन्होंने अपनी तेज समझ और आत्मविश्वास से सभी को प्रभावित किया तथा एक कार भी जीती।

















