झारखंडियों को रोजगार देने की बात भाजपा को क्यों लगती है धमकी? विनोद पांडेय का आदित्य साहू पर तीखा हमला
रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को रोजगार और स्थानीय अधिकार देने की बात आज भाजपा को “धमकी” जैसी लगने लगी है, जो पार्टी की जनविरोधी और युवा-विरोधी मानसिकता को साफ उजागर करती है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!विनोद पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “भाजपा को न तो राज्य के युवाओं की चिंता है और न ही स्थानीय लोगों के भविष्य से कोई सरोकार। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी झारखंड के युवाओं के रोजगार को लेकर पूरी तरह संवेदनशील हैं। उनकी सरकार ने सरकारी नौकरियों में पारदर्शी बहालियां शुरू की हैं और निजी क्षेत्र में भी 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं की नियुक्ति का ऐतिहासिक फैसला लिया है, ताकि झारखंड के संसाधनों पर पहला हक झारखंडियों का रहे।”
उन्होंने आगे कहा कि यह फैसला भाजपा जैसी “नफरत फैलाने वाली पार्टी” को समझ नहीं आता। जब भी स्थानीय अधिकार, रोजगार और सामाजिक न्याय की बात होती है, भाजपा उसे राजनीतिक हथियार बनाकर भ्रम फैलाती है। श्री पांडेय ने भाजपा के पुराने वादों की याद दिलाई कि केंद्र में सत्ता में आने पर पार्टी ने हर साल करोड़ों नौकरियां देने और कुल 5 करोड़ रोजगार सृजित करने का दावा किया था, लेकिन बाद में वरिष्ठ नेता अमित शाह ने इसे “जुमला” करार दे दिया।
झामुमो महासचिव ने कहा, “भाजपा की राजनीति नफरत, डर और विभाजन पर टिकी है। जब भी झारखंड सरकार रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय की बात करती है, भाजपा बौखला जाती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में नियुक्तियों में घोटाले हुए, परीक्षाएं रद्द हुईं और युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेला गया, जबकि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में सरकारी नौकरियों की “बरसात” हो रही है।
विनोद पांडेय ने स्पष्ट रूप से मांग की कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को झारखंड के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, “असल सच्चाई यह है कि भाजपा एक आदिवासी को मुख्यमंत्री पद पर एक मिनट भी नहीं देखना चाहती। यही उनकी पीड़ा और बौखलाहट का कारण है। लेकिन झारखंड की जनता सब समझ चुकी है और लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को जवाब देती रहेगी।”
















