राधानगर में पटाखे की चिंगारी से भीषण आग: दो घर जलकर राख, लाखों का नुकसान

राधानगर में पटाखे की चिंगारी से भीषण आग: दो घर जलकर राख, लाखों का नुकसान

Share
Link copied

साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले के उधवा थाना क्षेत्र अंतर्गत राधानगर गांव में शुक्रवार देर रात पटाखे की चिंगारी से लगी आग ने दो परिवारों का आशियाना उजाड़ दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में घरेलू सामान, महत्वपूर्ण दस्तावेज और नगदी समेत लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। एक पीड़ित महिला को आग की चपेट में आने से झुलसने के कारण चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी के अनुसार, राधानगर गांव में नरेन मंडल की पुत्री की शादी समारोह चल रहा था। बारातियों द्वारा देर रात करीब 12:30 बजे पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान एक पटाखे की चिंगारी सुरेन मंडल और महाजनी बेवा के घरों में जा गिरी। उस समय दोनों परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे।

जब धुआं उठने लगा तो लोग आनन-फानन में बाहर निकले, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। घरों में रखे गैस सिलेंडर में भी आग लग गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों घर पूरी तरह खाक हो चुके थे।

पीड़ित सुरेन मंडल ने बताया कि आग में उनके घर का सारा सामान, जरूरी कागजात और करीब 20 हजार रुपये नगदी जलकर राख हो गई। वहीं महाजनी बेवा ने कहा कि वह और उनका बेटा सो रहे थे। आग लगने पर किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई, लेकिन आग की लपटों से उनके शरीर के कई हिस्सों में झुलसने के घाव हो गए। उनके घर में घरेलू सामान के अलावा करीब 50 हजार रुपये नगदी भी जल गई। कुल मिलाकर दोनों परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow