हजारीबाग पुलिस की वैलेंटाइन गिफ्ट: ऑपरेशन “मुस्कान” में 135 खोए/चोरी हुए मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
हजारीबाग : वैलेंटाइन डे के मौके पर हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों को अनमोल तोहफा दिया। ऑपरेशन “मुस्कान” के तहत पुलिस ने जिले के विभिन्न इलाकों से कुल 135 खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए और आज इन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अंजनी अंजन के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में गठित विशेष तकनीकी टीम ने वैज्ञानिक जांच, डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए यह कार्रवाई अंजाम दी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज शिकायतों पर आधारित इस अभियान में मोबाइल फोन अलग-अलग स्थानों से चिन्हित और बरामद किए गए।
आज एसपी कार्यालय में एक समारोह में पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने स्वयं इन 135 मोबाइल फोनों को वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किया। मोबाइल वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था। कई लोगों ने हजारीबाग पुलिस की सराहना की और आभार व्यक्त किया।
एसपी अंजनी अंजन ने कहा कि यह सफलता पुलिस की तकनीकी क्षमता और आमजन की सेवा के प्रति समर्पण का नतीजा है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान जैसे अभियान जारी रहेंगे ताकि चोरी या गुम हुए सामान जल्द से जल्द मालिकों तक पहुंच सकें।
हजारीबाग पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि आपका मोबाइल फोन गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो तुरंत नजदीकी थाने में FIR या सनहा दर्ज कराएं। इससे समय रहते तकनीकी कार्रवाई संभव हो पाती है और बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।


















