रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में संगठित चोरी गिरोह का भंडाफोड़: 3 घरों में गृहभेदन के मामलों का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में संगठित चोरी गिरोह का भंडाफोड़: 3 घरों में गृहभेदन के मामलों का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

Share
Link copied

रांची : नामकुम थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार हो रही गृहभेदन और चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने तीन प्रमुख मामलों (नामकुम थाना कांड संख्या 288/25, 20/26 और 31/26) का सफलतापूर्वक उद्भेदन किया है। इस दौरान एक संगठित अपराधी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से चोरी के लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं।

पुलिस जांच में पता चला है कि यह गिरोह मुहल्लों में घूमकर बंद पड़े घरों की रेकी करता था। दिन के उजाले में भी घरों में घुसकर मुख्य रूप से ज्वेलरी और नकदी की चोरी की घटनाएं अंजाम देता था। चोरी का माल मुख्य रूप से ज्वेलरी होता था, जिसे दिलीप सोनी अपनी कांटाटोली स्थित “मों ज्वेलर्स” दुकान में सस्ते दामों पर खरीद लेता था। प्राप्त ज्वेलरी को वह गला (मेल्ट) करवाता और नए आभूषण बनाने में इस्तेमाल करता था।

गिरफ्तार आरोपियों में फिरदोस अली और दिलीप सोनी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से गलाया हुआ सोना पत्तर (2 पीस), क्वॉइल (1 पीस), टूटा-फूटा स्क्रैप – कुल वजन लगभग 15.40 ग्राम, बड़े आकार की 10 अंगूठियां और छोटी 4 अंगूठियां – कुल वजन लगभग 18 ग्राम, मंगलसूत्र का लॉकेट, 7 नथियां, 1 दोलना – कुल वजन लगभग 23.10 ग्राम, भगवान एवं अन्य डिजाइन के 13 लॉकेट – कुल वजन लगभग 8.5 ग्राम, छोटे कान के 24 बालियां – कुल वजन 9.3 ग्राम, 11 जोड़ी टॉप्स (कुल 22 पीस) – कुल वजन लगभग 13.5 ग्राम, चांदी जैसे आभूषण (पायल, अंगूठी, नग लगे) – कुल वजन लगभग 33.5 ग्राम, एक रजिस्टर (जिसमें “Aryan Chabak” लिखा है, मोबाइल नंबरों के साथ) और एक Oppo कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों का अपराधिक इतिहास रहा है। वे पहले भी ज्वेलरी चोरी और उसे खपाने के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई एसआईटी की तकनीकी सहायता, आसूचना और पूर्व आरोपित अपराधियों के सत्यापन पर आधारित थी।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow