साहिबगंज: आपूर्ति और सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश, लक्ष्य समय पर पूरे करने का जोर
साहिबगंज : जिला उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में गोपनीय कार्यालय में सहकारिता विभाग, आपूर्ति विभाग एवं जिला स्तरीय सतर्कता समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले निर्देशों पर हुई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने राशन कार्ड निष्पादन, नए राशन कार्ड जारी करने तथा डीलर परिवर्तन से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जन वितरण प्रणाली (PDS) के डीलरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश देते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाई जाए ताकि निर्धारित लक्ष्य हासिल हो और अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना का लाभ मिल सके।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों में निर्माणाधीन गोदामों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आदेश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने गोदामों में उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसकी रिपोर्ट तुरंत वरीय अधिकारियों को सौंपी जाए।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, जिला सहकारी पदाधिकारी महादेव मुर्मू, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित विभिन्न एजीएम, बीएसओ और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने बैठक में स्पष्ट किया कि सभी विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए समन्वय और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम जनता को निर्बाध लाभ मिल सके।


















