पलामू के हुसैनाबाद में बड़ी कार्रवाई: देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दो युवक गिरफ्तार, एक पूर्व में भी जेल जा चुका है
पलामू : झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ दो युवकों को धर दबोचा है। दोनों अभियुक्तों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बिना नंबर प्लेट वाली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों युवक ग्राम मानखाप के रहने वाले हैं और पुलिस की सतर्कता से भागने के प्रयास में भी नाकाम रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गुप्त सूचना के आधार पर 2 मार्च 2026 की शाम लगभग 7:20 बजे पुलिस ने दरूआ मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। सूचना थी कि मानखाप की ओर से एक काली हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर जपला की ओर आ रहे हैं। सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने भागने की कोशिश की। त्वरित कार्रवाई में दोनों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए अभियुक्तों अभिषेक कुमार और नितिश कुमार चंद्रवंशी शामिल हैं। तलाशी के दौरान अभिषेक कुमार के पास से 1 देशी कट्टा, 2 जिंदा कारतूस, 1 NOTHING कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। नितिश कुमार के पास से भी 1 NOTHING कंपनी का मोबाइल फोन मिला।
इस मामले में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 43/26, दिनांक 02.03.2026 के तहत भारतीय आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a)/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभियुक्त अभिषेक कुमार पहले भी अपराध के कई मामलों में जेल जा चुका है। वह हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 128/25 (दिनांक 23.05.2025) में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत आरोपी रहा है।

















