इलेक्ट्रिक अप्लायंसेज गोदाम में लगी आग, फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटी, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल
मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर मे भीषण आग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। रेड़मा स्थित रांची रोड पर पानी टंकी के निकट एक इलेक्ट्रिक अप्लायंसेज के बड़े गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा गोदाम जलने लगा और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछारें चला रहे हैं, लेकिन आग की तीव्रता के कारण कंट्रोल में आने में समय लग रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम में इलेक्ट्रिक सामान जैसे फैन, मोटर, वायरिंग, बल्ब और अन्य अप्लायंसेज भारी मात्रा में रखे हुए थे, जिसके कारण आग तेजी से भड़की। अभी तक नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया है, लेकिन अनुमान है कि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया होगा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या कोई अन्य तकनीकी खराबी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंच चुके हैं और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल आग बुझाने का अभियान जारी है। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में धुंए के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।

















