झरिया के सिंह नगर में कचरा गोदाम में भीषण आग, 70-80 लाख का नुकसान, 15 फायर टेंडर ने पाया काबू

झरिया के सिंह नगर में कचरा गोदाम में भीषण आग, 70-80 लाख का नुकसान, 15 फायर टेंडर ने पाया काबू

Share
Link copied

धनबाद : झरिया थाना क्षेत्र के सिंह नगर स्थित एक बड़े कचरा गोदाम में गुरुवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के इलाके में घना धुआं फैल गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आसपास की दुकानों के व्यापारियों ने तुरंत अपने-अपने प्रतिष्ठानों से सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया ताकि आग आगे न फैले और नुकसान से बचाव हो सके।

सूचना मिलते ही झरिया और आसपास के फायर स्टेशनों से कुल 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फायर अधिकारियों के अनुसार आग का दायरा बहुत बड़ा था, इसलिए इसे बुझाने में काफी समय और संसाधनों का उपयोग करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन और झरिया सीओ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए समझाया।

कचरा गोदाम के मालिक दीपक साहू ने बताया कि घटना के समय वे पास के मंदिर में थे। स्टाफ का फोन आने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो पूरा गोदाम धू-धू कर जल रहा था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में करीब 70 से 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गोदाम में प्लास्टिक, कागज और अन्य रिसाइक्लिंग सामग्री भरी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैली।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम संयुक्त रूप से जांच कर रही है। शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी कारण की आशंका जताई जा रही है।

आग बुझने के बाद भी इलाके में धुएं की गंध बनी हुई है और स्थानीय लोग राहत की सांस ले रहे हैं कि आग आसपास के आवासीय इलाके तक नहीं पहुंची।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow