TSPC नक्सलियों का हमला: विस्थापित नेता महेंद्र गंझू के घर पर फायरिंग, धमकी भरा पर्चा छोड़ा
TSPC नक्सलियों का हमला: विस्थापित नेता महेंद्र गंझू के घर पर फायरिंग, धमकी भरा पर्चा छोड़ा

आकाश सिंह ![]()
चतरा : पिपरवार थाना क्षेत्र में एक बार फिर नक्सली उग्रवाद ने दहशत फैलाई है। प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के हथियारबंद कैडरों ने विस्थापित नेता महेंद्र गंझू के आवास को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। घटना बुधवार (11 मार्च) की तड़के करीब 4:30 बजे पाहन टोंगरी बस्ती में हुई, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार उग्रवादियों ने महेंद्र गंझू के घर के बाहर मोर्चा संभाला और अचानक 5 से 6 राउंड गोलियां चला दीं। गोलियों की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम उठे। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद जंगल की ओर फरार हो गए।
फरार होते समय उग्रवादियों ने संगठन के ‘सुदर्शन’ नाम से एक पर्चा छोड़ा। पर्चे में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि टीएसपीसी से बिना समन्वय या अनुमति के कोई भी काम करने वाले गंभीर परिणाम भुगतेंगे। यह पर्चा संगठन की सक्रियता और क्षेत्र में अपनी मौजूदगी दिखाने का प्रयास माना जा रहा है।
सूचना मिलते ही पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार सशस्त्र बलों के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से 5 खाली खोखे और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने इसे अत्यंत गंभीर घटना मानते हुए सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। डिजिटल और मानवीय सूत्रों के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

















