नगर विकास व स्वास्थ्य सुविधाओं पर उपाध्यक्ष दीपक रिंकू की मंत्रियों से अहम मुलाकात
नगर विकास व स्वास्थ्य सुविधाओं पर उपाध्यक्ष दीपक रिंकू की मंत्रियों से अहम मुलाकात
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सिमडेगा। नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक रिंकू ने राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू तथा स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से शिष्टाचार मुलाकात कर शहर के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा उपाध्यक्ष ने शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित क्लिनिकों के संचालन को सुदृढ़ करने की मांग की, ताकि आम लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने पर्यटन स्थलों के विकास के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने,कचरा प्रबंधन एवं सीवरेज सिस्टम को विकसित करने,सभी मोहल्लों को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण तथा हर घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग रखी। वहीं स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के दौरान उपाध्यक्ष ने सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा शुरू कराने हेतु चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति की मांग की। साथ ही ब्लड बैंक में सभी आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
वर्तमान में ब्लड जांच के लिए मरीजों को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) भेजना पड़ता है,जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों मंत्रियों ने उपाध्यक्ष को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी,ताकि शहरवासियों को बेहतर बुनियादी और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान उपाध्यक्ष ने दोनों मंत्रियों को सिमडेगा आने का आमंत्रण भी दिया।
विधायक के पहल पर सामटोली पथ के मरम्मत के लिए स्वीकृत की गई है एक करोड़ रुपये की राशि
मुलाकात के दौरान उपाध्यक्ष दीपक रिंकू ने नगर विकास मंत्री के समक्ष जर्जर हो चुके सामटोली पथ की मरम्मती की मांग रखी। इस पर मंत्री ने आश्वस्त किया कि इस सड़क के निर्माण को लेकर सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने भी ज्ञापन देकर सड़क निर्माण कराने की मांग की थी। उनके पत्र के आलोक में सड़क मरम्मत के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि आवंटित कर दी गई है और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
नरेश शर्मा /सिमडेगा
















