जमशेदपुर के गोलमुरी में अखाड़ा विवाद बना हिंसक, चले लाठी-डंडे, 6 घायल, महिलाओं के साथ भी मारपीट
जमशेदपुर के गोलमुरी में अखाड़ा विवाद बना हिंसक, चले लाठी-डंडे, 6 घायल, महिलाओं के साथ भी मारपीट

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलमुरी बाजार में देर रात श्री श्री गोलमुरी बजरंग अखाड़ा से जुड़े लोगों के बीच आपसी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे, कुर्सी और तलवार चले, जिसमें महिलाओं समेत कुल 6 लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखाड़ा का लाइसेंस आलोक के दादा स्वर्गीय काली चरण के नाम पर था, जिनकी तस्वीर मंदिर परिसर में लगी हुई थी। आरोप है कि किसी ने उनकी तस्वीर को हटा दिया। जब आलोक ने इस पर आपत्ति जताई और पूछताछ की, तो मंदिर कमेटी के कुछ सदस्यों से उसका विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान मनोज खत्री, विनोद खत्री, साहिल खत्री समेत अन्य लोगों के साथ कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई।
घटना में तीन लोगों के सिर फटने की खबर है, जबकि कुल 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।

















