पलामू में सनसनीखेज वारदात: ममेरे भाई ने फुफेरी बहन की हत्या कर उठाया खौफनाक कदम
पलामू : झारखंड के पलामू जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली और एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी नाबालिग ममेरी बहन की धारदार हथियार से हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी ट्रेन से कटकर जान दे दी। इस दोहरी घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना का खुलासा सोमवार सुबह हुआ। पिपरडीह गांव स्थित युवक के घर के एक कमरे में 16 वर्षीय खुशबू कुमारी का शव खून से लथपथ अवस्था में बिस्तर पर मिला। वहीं, घर से करीब 2 किलोमीटर दूर बखारी रेलवे लाइन के पास 23 वर्षीय बिट्टू कुमार सिंह का शव बरामद किया गया।
मृतका खुशबू कुमारी, लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के डोरामी गांव की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, बिट्टू और उसके परिवार ने उसे करीब एक सप्ताह पहले काम के लिए अपने घर बुलाया था। घटना के समय दोनों एक ही कमरे में मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लड़की की हत्या धारदार हथियार से की गई है। शव के पास खून के निशान मिले हैं, जिससे वारदात की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सदर थाना प्रभारी लाल जी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक ने पहले लड़की की हत्या की और फिर खुद ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 3 बजे सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) भेज दिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं, वहीं पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।


















