जमशेदपुर : कलवर्ट के नीचे मिला युवक का खून से लथपथ शव, धारदार हथियार से हत्या की आशंका; साथी हिरासत में
अश्वनी पाठक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर/पटमदा। पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना क्षेत्र के सारी गांव में रविवार सुबह कलवर्ट के नीचे युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनोहर माझी, पिता लम्बोदर माझी के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून भी पाया गया है। पुलिस को आशंका है कि युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
रात में पूजा कार्यक्रम से निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात सारी गांव निवासी सुशील सिंह के घर आयोजित मनसा पूजा के रात्रि जागरण कार्यक्रम ‘जांत मंगल’ में मनोहर माझी अन्य कलाकारों के साथ शामिल हुआ था।
बताया गया कि रात करीब दो बजे वह कार्यक्रम में शामिल टीम के 55 वर्षीय सदस्य दुर्लभ सिंह के साथ शराब पीने के लिए गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर बूढ़ीगोड़ा टोला स्थित महुआ शराब की भट्ठी पर गया था। शराब पीने के बाद दोनों पैदल वापस लौट रहे थे।
इसके बाद मनोहर अपने घर नहीं पहुंचा, जबकि दुर्लभ सिंह नशे की हालत में अपने घर चला गया।
सुबह कलवर्ट के नीचे मिला शव
रविवार सुबह तालाब के किनारे शौच के लिए गए ग्रामीणों की नजर कलवर्ट के नीचे पड़े मनोहर के शव पर पड़ी। शव खून से लथपथ था। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगटा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच की और पोस्टमार्टम के लिए शीतगृह में रखवा दिया।

साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ
मामले में पुलिस ने मनोहर के साथ रात में मौजूद रहे दुर्लभ सिंह को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
हालांकि, दुर्लभ सिंह ने हत्या में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। उसका कहना है कि वह अत्यधिक नशे में था और उसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि मनोहर से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी और दोनों के बीच रात में किसी तरह का विवाद नहीं हुआ था।
पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि मनोहर की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं।
परिवार में पसरा मातम
मनोहर माझी विवाहित था। उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं। वह जमशेदपुर में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था। युवक की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत हत्या के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी।

















