नारी शक्ति की पहचान बनी सिमडेगा की संतोषी कुमारी, राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया जिले का मान

नारी शक्ति की पहचान बनी सिमडेगा की संतोषी कुमारी, राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया जिले का मान

Share
Link copied

✍️ शंभू कुमार सिंह 

सिमडेगा : सिमडेगा जिले के जलडेगा क्षेत्र की प्रतिभाशाली छात्रा संतोषी कुमारी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। वह सिमडेगा महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग की छात्रा हैं और अपने उत्कृष्ट विचारों व प्रतिभा के दम पर देशव्यापी मंच तक पहुंची हैं।

संतोषी कुमारी का चयन “नारी शक्ति विकसित भारत की आवाज – वूमेन मॉक यूथ पार्लियामेंट” और “भारत बजट क्वेस्ट 2026-27” में झारखंड के प्रतिनिधि के रूप में हुआ। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस आयोजन के दौरान उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में शामिल होने का अवसर भी मिला, जो किसी भी युवा प्रतिभा के लिए गर्व का क्षण है।

यह कार्यक्रम 12 और 13 अप्रैल 2026 को पूरे देश में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को बजट, नीति-निर्माण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

संतोषी कुमारी ने “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” का समर्थन करते हुए कहा—“यह सिर्फ प्रतिनिधित्व की बात नहीं है, बल्कि भारत में समावेशी विकास की नई परिभाषा है। महिलाएं सशक्त होने का इंतजार नहीं कर रहीं, वे पहले से ही जमीनी स्तर पर बदलाव की अगुवाई कर रही हैं। लोकतंत्र की असली ताकत उसकी समावेशिता में होती है।” उन्होंने आगे कहा कि इस बिल के माध्यम से न केवल महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है, बल्कि देश की आर्थिक, सामाजिक और लोकतांत्रिक नींव को भी मजबूत किया जा रहा है।

संतोषी कुमारी इससे पहले भी विभिन्न मंचों पर अपने जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और लगातार अपने प्रदर्शन से सिमडेगा को गौरवान्वित करती रही हैं। संतोषी कुमारी की यह उपलब्धि न केवल सिमडेगा बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।