नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति जताया आभार, पदयात्रा कर बापू वाटिका पहुंची नारीशक्ति
रांची : नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर राजधानी रांची में भव्य नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। “पंचायत से पार्लियामेंट तक, निर्णय में नारी, नव भारत की तैयारी” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम पूरी तरह महिला सशक्तिकरण को समर्पित रहा।
कार्यक्रम का आयोजन रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाने के लिए आभार प्रकट किया।
सम्मेलन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, रांची की महापौर रोशनी खलखो, रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा, विनीता सिंघानिया, विजयश्री साबू एवं राष्ट्रीय कवयित्री पुष्पा सहाय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उषा जालान ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद उपस्थित महिलाओं का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। वक्ताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने विचार साझा किए। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और ऊर्जा से भरपूर रहा, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आज की नारी समाज और राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सम्मेलन के उपरांत आर्यभट्ट सभागार से बापू वाटिका तक विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों महिलाओं ने हिस्सा लिया। बापू वाटिका पहुंचकर सभी ने राष्ट्रपिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए और नारी सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर संजय सेठ ने कहा कि नवभारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की मातृशक्ति के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।


















