जल संकट पर सख्त हुए विधायक भूषण बाड़ा, पंप हाउस पहुंचकर लिया जायजा
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : शहर में पिछले करीब दस दिनों से ठप जलापूर्ति की समस्या को लेकर सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा सख्त रुख में नजर आए। मंगलवार को उन्होंने केलाघाघ डैम स्थित पंप हाउस पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने जलापूर्ति बाधित रहने को गंभीर समस्या बताते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद तिर्की को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कुछ घंटों की मोहलत देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि हर हाल में जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल की जाए। विधायक ने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बताया गया कि पहले ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई थी। ट्रांसफार्मर ठीक होने के बाद अब केलाघाघ डैम में लगे मोटर के जल जाने से पिछले 10 दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने उपायुक्त कंचन सिंह से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी दी और जल्द समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने पर जोर दिया।
इस मौके पर कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा, प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष मनोज जायसवाल, प्रवक्ता रणधीर रंजन, विधायक प्रतिनिधि सलमान खान, शकील अहमद, अख्तर खान, प्रतिमा कुजूर, मयंती तिर्की, उर्मिला केरकेट्टा, बिनीता समद, सुचिता तिर्की, मुक्ता तिर्की, शोभन तिग्गा और महिला कांग्रेस पंचायत अध्यक्ष रीता कीरो सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















