मतदान के बीच ‘मेहमान’ बना हाथी, झारग्राम में अनोखा और चौंकाने वाला नजारा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के दौरान झारग्राम जिले में एक अनोखा और चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिला। जितुसोल प्राइमरी स्कूल स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर अचानक एक हाथी नजर आया, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में हलचल मच गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मतदान केंद्र के पास हाथी के पहुंचते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में वहां इकट्ठा हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और मतदान प्रक्रिया भी बिना किसी बाधा के जारी रही।
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब चुनाव आयोग और वन विभाग ने हाथी-प्रभावित इलाकों में विशेष सतर्कता बरत रखी है। जानकारी के मुताबिक, दक्षिण बंगाल के करीब 25 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जो हाथी गलियारों (Elephant Corridors) के पास स्थित हैं। इन्हें पहले ही संवेदनशील घोषित कर अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था की गई थी।
प्रशासन और सुरक्षा बल पहले से ही इन इलाकों में मुस्तैद थे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण के तहत कई जिलों में मतदान जारी है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।

















