गोड्डा में साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतराय थाना क्षेत्र के बाघाकोल गांव से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज, डेबिट कार्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक गोड्डा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बसंतराय थाना क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़े एक संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच शुरू की गई। सूचना थी कि उक्त नंबर के जरिए ऑनलाइन साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इसके बाद बसंतराय थाना पुलिस की टीम गठित कर ग्राम बाघाकोल में छापेमारी की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मो० जुबेर आलम (पिता- शकील अहमद), निवासी ग्राम बाघाकोल, थाना बसंतराय, जिला गोड्डा को हिरासत में लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, विभिन्न बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन और निवेश के लिए विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी टेलीग्राम के माध्यम से “Swift Pay” नामक निवेश एप डाउनलोड कर उसका उपयोग करता था। वहीं भुगतान और फंड ट्रांसफर के लिए FrechargeBiz और विभिन्न UPI प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि साइबर अपराध से प्राप्त राशि को अलग-अलग बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों के जरिए ट्रांसफर कर निकासी की जाती थी, ताकि धन के वास्तविक स्रोत को छिपाया जा सके। आरोपी अन्य व्यक्तियों के नाम पर जारी मोबाइल सिम, बैंक खाते और डिजिटल पेमेंट साधनों का भी इस्तेमाल करता था।
इस मामले में बसंतराय थाना कांड संख्या 40/26, दिनांक 20 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(C) एवं 66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
बरामद सामग्री
सिल्वर रंग का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक का पासबुक, बैंक ऑफ बड़ौदा का डेबिट कार्ड, भारतीय स्टेट बैंक का डेबिट कार्ड, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड
गोड्डा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति, संदिग्ध निवेश योजना, फर्जी ऑनलाइन ऑफर या अनधिकृत मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए वित्तीय लेन-देन करने से बचें। किसी भी साइबर ठगी की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना को दें।

















