रांची: BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने युवाओं को किया आगाह, कहा- ‘शॉर्टकट कभी मंजिल तक नहीं पहुंचाता’
रांची: BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे के दौरान शनिवार को रांची पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ‘प्रबुद्ध नागरिक संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनीति और देश निर्माण को लेकर अपनी बातें रखीं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक राजनीति (Positive Politics) का संदेश दिया और उन ताकतों पर तंज कसा जो युवाओं को भटकाने का प्रयास कर रही हैं।
‘युवाओं को कठपुतली बनाना चाहती हैं कुछ ताकतें’
संबोधन के दौरान नितिन नबीन ने दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर इशारों ही इशारों में निशाना साधते हुए कहा कि देश का युवा आज इनोवेशन और क्रिएशन में लगा है। उन्होंने कहा, “कुछ लोग विदेश में बैठकर यह सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे। लेकिन भारत का युवा अब किसी की मुट्ठी की कठपुतली नहीं बनने वाला है।” उन्होंने आगे कहा कि आज का युवा राष्ट्र निर्माण के लिए काम करना चाहता है और उसे ‘एंटी-एस्टैब्लिशमेंट’ बताने की कोशिश दुर्भाग्यपूर्ण है।
डिजिटल क्रांति का उपयोग सकारात्मक हो’
नितिन नबीन ने डिजिटल युग के लाभों को गिनाते हुए युवाओं से अपील की कि तकनीक का उपयोग राष्ट्रहित में करें। उन्होंने कहा कि आज देश में 2 लाख स्टार्टअप्स बने हैं, नए मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज खुल रहे हैं। हमारा लक्ष्य भारत को आईटी का हब बनाना है, न कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग युवा क्रांति को नकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए करना।
‘जीवन में शॉर्टकट घातक’
भाजपा अध्यक्ष ने युवाओं और कार्यकर्ताओं को जीवन मंत्र देते हुए कहा कि राजनीति हो या व्यक्तिगत जीवन, शॉर्टकट का रास्ता हमेशा घातक होता है। उन्होंने कहा, “शॉर्टकट से तत्काल राहत तो मिल सकती है, लेकिन उसका परिणाम हमेशा दुखद होता है।”
इसे भी पढ़े :
झारखंड को हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे, राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं : नितिन नवीन

















