झारखंड राज्यसभा चुनाव में नया ट्विस्ट: परिमल नाथवानी भी मैदान में, निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में खरीदा पर्चा

रांची : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस द्वारा अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब चुनावी मुकाबले में नया मोड़ आ गया है। उद्योगपति और वर्तमान राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने भी चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन के लिए पर्चा खरीद लिया है।
झामुमो ने राज्यसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ नेता बैद्यनाथ राम को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि कांग्रेस भी अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में परिमल नाथवानी की निर्दलीय दावेदारी ने राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
परिमल नाथवानी इससे पहले भी झारखंड से राज्यसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और राज्य की राजनीति तथा औद्योगिक क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनके मैदान में उतरने से चुनाव अब केवल औपचारिकता नहीं रह गया है, बल्कि राजनीतिक दलों के भीतर और बाहर समर्थन जुटाने की कवायद तेज होने की संभावना है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नाथवानी की मौजूदगी चुनाव को दिलचस्प बना सकती है। अब सबकी नजरें नामांकन प्रक्रिया और विभिन्न दलों के रुख पर टिकी हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि नाथवानी को किन दलों या विधायकों का समर्थन मिल सकता है और इसका चुनावी नतीजों पर क्या असर पड़ेगा।

















