बोकारो में पुलिस की सख्ती: IG ने थाना प्रभारियों को दी चेतावनी, कहा- ‘पुष्पा केस’ जैसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बोकारो: बोकारो जिले में अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शनिवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में पुलिस महानिरीक्षक (IG) शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिले के सभी DSP और थाना प्रभारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में IG ने संगठित अपराध पर लगाम कसने और पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए।
जनता की सुनें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
बैठक के दौरान IG शैलेंद्र कुमार सिंह ने थाना प्रभारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने की नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब कोई फरियादी थाना आता है, तो वह पहले से ही विकट परिस्थिति में होता है। ऐसे में उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका त्वरित निराकरण करना हर पदाधिकारी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता के प्रति लापरवाही को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
‘पुष्पा प्रकरण’ पर जताई कड़ी नाराजगी
पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र के चर्चित ‘पुष्पा केस’ का जिक्र करते हुए IG ने खासी नाराजगी जताई। उन्होंने थाना प्रभारियों को आगाह किया कि इस मामले में हुई चूक के कारण झारखंड के DGP और बोकारो के SP को हाई कोर्ट में जवाब देना पड़ा था। IG ने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रिंस खान का साम्राज्य होगा ध्वस्त
गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को लेकर पूछे गए सवाल पर IG ने कहा कि अपराधियों का साम्राज्य धीरे-धीरे ढह रहा है। उन्होंने बताया कि प्रिंस खान के गुर्गों को लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है और वे जेल की सलाखों के पीछे पहुँच रहे हैं। IG ने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द इस गिरोह का पूरा साम्राज्य ध्वस्त कर दिया जाएगा।
नई टीम के साथ क्राइम कंट्रोल का नया रोडमैप
जिले में हाल ही में हुए DSP स्तर के तबादलों के बाद, यह नई टीम के साथ IG की पहली बैठक थी। बैठक में संगठित अपराध, महिला सुरक्षा और आम नागरिकों की शिकायतों के जल्द निपटारे के लिए एक प्रभावी रोडमैप तैयार किया गया। IG ने सभी नए अधिकारियों से उम्मीद जताई कि वे अपनी जवाबदेही को समझेंगे और बोकारो में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।
Also Read :
राज्यसभा चुनाव: JMM ने बैजनाथ राम पर जताया भरोसा, बनाए गए पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार

















