भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पहली बार पहुंचेंगे झारखंड, प्रदेश कार्यालय में भव्य स्वागत की तैयारी

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन आज पहली बार भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखंड पहुंच रहे हैं। उनका रांची आगमन सुबह 11 बजे निर्धारित है। इस दौरान वे पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक और राजनीतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर कार्यक्रम स्थल तक रेड कारपेट बिछाए गए हैं, जबकि पूरे परिसर को फूलों और स्वागत सज्जा से सजाया गया है।
प्रदेश कार्यालय में व्यवस्था समिति के सदस्य सुबह से ही तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि नितिन नवीन का झारखंड दौरा संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा झारखंड में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश भाजपा इकाई ने व्यापक तैयारियां की हैं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। उनके दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

















